रायपुर

काला कोट पहनकर कानून से खिलवाड़, रायपुर में 40 फर्जी वकीलों का खुलासा

40 fake lawyers busted in Raipur, flouting the law in black coats

रायपुर। रायपुर कोर्ट परिसर में काला कोट पहनकर अवैध रूप से घूमने वाले 40 अनधिकृत लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला अधिवक्ता संघ द्वारा चलाए जा रहे विशेष AIR अभियान के तहत इन लोगों को समझाइश देकर कोर्ट परिसर से बाहर किया गया।

संघ ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दो महीनों तक यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। हाल ही में पदभार संभालने वाली जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है।

काला कोट पहनकर कर रहे थे फर्जी गतिविधियां

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बिना पंजीकरण के वकीलों जैसा भेष बनाकर कोर्ट परिसर और बार रूम में घूम रहे हैं। ये लोग काला कोट और बैंज लगाकर खुद को अधिवक्ता बताते थे।

संघ का कहना है कि ऐसे लोग पक्षकारों को भ्रमित कर ठगी करने के साथ कोर्ट का माहौल भी खराब कर रहे थे। इसी को देखते हुए सोमवार से बड़े स्तर पर जांच अभियान शुरू किया गया।

पहचान पत्रों की हुई जांच

विशेष अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों के बार काउंसिल के आधिकारिक पहचान पत्रों की जांच की गई। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिनेश देवांगन ने बताया कि कोर्ट परिसर में व्यवस्था सुधारने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को बैठने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए बार रूम, टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया है। करीब 40 अधिवक्ताओं को बैंच आवंटित करने के लिए लिस्टिंग भी की गई है।

Back to top button