छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)रायपुर

रायपुर के सदर बाजार में देर रात जर्जर इमारत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज आवाज में डीजे बजने से एक पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि इमारत के नीचे चल रही पान की दुकान का संचालक और वहां मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक, यह जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है। इमारत के नीचे पान की दुकान संचालित होती है। बिल्डिंग का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और वहां मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। दिन के समय इस इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। देर रात घटना होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

सीएम साय ने बैठक लेकर जर्जर भवनों को ढहाने के दिए थे निर्देश
बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो दिन पहले ही जर्जर भवनों को लेकर सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बैठक ली थी। सीएम ने निर्देश दिया था कि जर्जर भवन ढहाए जाएं और कलेक्टर-एसपी अपने-अपने क्षेत्रों में भवनों की नियमित निगरानी करें। अधिकारी सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो। मुख्यमंत्री ने कहा था कि यदि जोखिमपूर्ण भवनों की जांच में लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संभावित खतरों की पहचान कर समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

नगर निगम ने पहले ही जारी किया था नोटिस
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान काफी जर्जर स्थिति में था और नगर निगम की ओर से भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। शुक्रवार देर रात अचानक इमारत का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

तेज आवाज में डीजे बजाने से पुलिस ने किया मना
पुलिस ने आसपास के लोगों से भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, जर्जर हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के दौरान किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी या खतरा न हो, इसके लिए सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।

Back to top button