बोरे में मिला अधजला शव, निकली पत्नी कातिल

जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में बोरे में मिले अधजले शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग बेटे को निरुद्ध किया गया है।
2 अप्रैल को शिवनगर बाईपास के पास एक प्लास्टिक बोरे में अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शव की पहचान मिटाने की कोशिश साफ नजर आ रही थी। जांच के दौरान CCTV फुटेज अहम सुराग साबित हुआ, जिसमें एक महिला और किशोर रात करीब 3 बजे साइकिल रिक्शा से बोरा ले जाकर सुनसान जगह पर फेंकते दिखाई दिए।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय शेख साहन के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर पत्नी मौसमी ने 2 अप्रैल की रात हथौड़े से वार कर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद बेटे के साथ मिलकर शव को बोरे में भरकर पेट्रोल डालकर जला दिया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामला सुलझा लिया। फिलहाल आगे की जांच जारी है।
