तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: तीन महिलाओं को कुचलकर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की पिटाई

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे 130 पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिठ्ठीकला गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुन्नी बाई, राम बाई और 55 वर्षीय एक अन्य महिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं जोगीबांध गांव से साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचकर शाम करीब 7 बजे घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए चालक को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
