रायपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती: शंकर नगर में निगम का जनजागरण अभियान

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध लागू करने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम जोन 3 स्वास्थ्य विभाग द्वारा शंकर नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया।
यह अभियान नगर निगम अपील समिति के सदस्य एवं वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में शंकर नगर चौपाटी और मुख्य मार्ग स्थित बाजारों व व्यवसायिक परिसरों में चलाया गया। इस दौरान जोन 3 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता दीदियां और रामकी कंपनी के सुपरवाइजर भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान व्यापारियों को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और जूट से बने थैलों का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई।
