राष्ट्र

बिहार को मिला नया नेतृत्व: सम्राट चौधरी बने 24वें मुख्यमंत्री

पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाया है। सम्राट चौधरी को बिहार का 24वां मुख्यमंत्री चुना गया है। भाजपा और एनडीए विधायक दल की बैठकों में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई गई।

सम्राट चौधरी, जो पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र हैं, राष्ट्रीय जनता दल से होते हुए जनता दल यूनाइटेड के रास्ते वर्ष 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। राजनीतिक सफर के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें मखाना की माला पहनाकर अपनी विरासत सौंपी।

बुधवार सुबह 10:50 बजे लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दोनों को जदयू कोटे से उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार में सियासी समीकरणों का नया दौर शुरू हो गया है।

Back to top button