राष्ट्र

रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में आग के चलते उद्घाटन का कार्यक्रम स्थगित

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि एचआरआरएल रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) के पास आग लगने की घटना के चलते आज 21 अप्रैल 2026 को होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रिफाइनरी के उद्घाटन का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं, कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू
मंत्रालय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उद्घाटन के लिए नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

यह घटना उद्घाटन कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले हुई
बताया जा रहा है कि सोमवार को राजस्थान के बाड़मेर जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले हुई, जिससे अधिकारियों में चिंता बढ़ गई, क्योंकि रिफाइनरी कार्यक्रम स्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग बुझाने के लिए करीब 20 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इमरजेंसी टीमों और रिफाइनरी के कर्मचारियों ने मिलकर इनबिल्ट सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों के मुताबिक, लगातार प्रयासों के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने इस घटना को ‘मामूली’ बताया और कहा कि आग को सफलतापूर्वक बुझा दिया गया है। यह घटना उस समय हुई, जब राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वहां पहुंचने वाले थे।

Back to top button