रायपुर

विंग कमांडर सुसाइड केस में पुलिस की जांच, पत्नी के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे

Police investigating Wing Commander suicide case, gathering evidence against wife

रायपुर । विंग कमांडर विपुल यादव सुसाइड केस में रायपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने विंग कमांडर विपुल यादव की पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पर 17 अप्रैल को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विपुल यादव और उनकी पत्नी की पोस्टिंग रायपुर के अलावा जहां भी रही है, वहां से जांच अधिकारियों ने उनके विवाद की जानकारी मांगी है। पुलिस के अनुसार, विंग कमांड की पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत ले ली है। जांच पूरी होने के बाद इस केस में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तेलीबांधा इलाके में स्थित विधायक कॉलोनी के सरकारी आवास में निवासरत विंग कमांडर विपुल यादव ने 10-11 मार्च की रात को सुसाइड किया था। उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला था। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी। विपुल ने वर्ष 2014 में अर्जिता से लव मैरिज की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए हैं। परिवार का आरोप है कि विपुल लंबे समय से मानसिक तनाव में थे और उनकी पत्नी उन्हें प्रताड़ित करती थी।

पुलिस को कुछ ऐसे सबूत भी मिले हैं, जो इन आरोपों को मजबूत करते हैं। फिलहाल कॉल डिटेल, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।

विंग कमांडर के मामा सुरेंद्र यादव ने अंतिम संस्कार के दौरान चर्चा में कहा था कि विपुल हमेशा तनाव में रहता था, उनकी पत्नी, सास ससुर ने सब चीजों पर प्रतिबंध लगा दिया था। पत्नी ने बहुत प्रताड़ित कर रखा था। माता-पिता से बात नहीं करने देती थी। घर में कैमरे लगवा रखे थे।

विपुल के पिता डॉक्टर राजबहादुर यादव ने चर्चा में कहा था कि हम लोगों ने जानने की कोशिश की लेकिन विपुल हमें कुछ क्लीयर बताता नहीं था। दोस्तों से भी कुछ शेयर नहीं करता था। हमने विपुल से पूछने का प्रयास किया पर वह हमेशा कह देता था- छोड़िए जाने दीजिए।

पिता राजबहादुर यादव ने कहा कि विपुल को इस तरह से रखा गया था कि वो हम लोगों से बात नहीं कर पाता था। पोता-पोती से भी बात नहीं होती थी। कुछ दिन साथ रहने का मौका मिला तो बच्चे हमसे घुल मिल गए थे।

तेलीबांधा निरीक्षक अजय झा ने बताया, कि विंग कमांडर सुसाइड केस में विवेचना जारी है। रायपुर से पूर्व विंग कमांडर और उनकी पत्नी जहां–जहां पोस्टेड थे। वहां से जानकारी मांगी गई है। विवेचना पूरी होने के बाद मामलें में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button