रायपुर पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में चाकूबाज और शराब तस्कर गिरफ्तार
Raipur police arrest knifeman and liquor smuggler in surprise checking

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार शाम पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए सख्त तेवर दिखाए। शहर के मध्य जोन में 3 घंटे तक चले विशेष चेकिंग अभियान में चाकूबाज और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की गई। साथ ही ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।
यह अभियान शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलाया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश और मध्य जोन के पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में पूरे इलाके में रणनीतिक तरीके से नाकेबंदी कर एरिया सीलबंदी की गई। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड्स लगाकर हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की बारीकी से जांच की गई।
अभियान के दौरान कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, अग्रसेन धाम टर्निंग और फुंडहर चौक (एक्सप्रेस-वे) जैसे संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। पुलिस की टीमों ने वाहनों की तलाशी ली और संदिग्धों से पूछताछ की।
इसके अलावा पेट्रोलिंग टीमों के साथ एक विशेष टीम को अड्डेबाजी करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए तैनात किया गया, ताकि मौके से भागने की कोशिश करने वालों को तुरंत पकड़ा जा सके।
मौदहापारा थाना क्षेत्र में दुर्गा कॉलेज के पास एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम गणेश वर्मा (21) निवासी अशोक नगर बताया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
इसी तरह गंज थाना क्षेत्र में शराब भट्ठी के पास गोपाल दास मानिकपुरी (37) को पकड़ा गया। उसके पास से भी धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन गाड़ियों से अवैध फिल्म हटवाई गई और चालानी कार्रवाई की गई।
मध्य जोन के पुलिस उपायुक्त का कहना है कि, इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
