रायपुर

“सरकारी अस्पतालों की बदहाली पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन”

"Congress holds strong protest against the poor condition of government hospitals"

रायपुर। रायपुर में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं की खराब स्थिति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने CMO कार्यालय का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को न दवाइयां मिल रही हैं, न जरूरी जांच और इलाज की सुविधा। अस्पतालों में स्टाफ और उपकरणों की कमी से गरीब मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। पार्टी ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू किए गए हमर अस्पताल गरीब परिवारों के लिए राहत बने थे, जहां मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती थी।

लेकिन भाजपा सरकार में इन अस्पतालों की हालत खराब हो गई है। कई जगह डॉक्टर और स्टाफ की कमी है, जबकि इलाज के उपकरण और दवाइयों का भी अभाव बताया गया।

कांग्रेस ने जिला अस्पतालों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने सरकार से स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने और अस्पतालों की बदहाल स्थिति दूर करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार गरीबों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बंद करे और अस्पतालों में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए, ताकि आम लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

Back to top button