कोरबा

कोरबा में दर्दनाक एक्सीडेंट के बाद बवाल, पांच घंटे तक थमा यातायात

Traffic halted for five hours after tragic accident in Korba

कोरबा। कोरबा जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे (Korba Road Accident) में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जवाली-चाकाबुडा मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके पर ही एक युवक की मौत

जानकारी के अनुसार, जवाली गांव निवासी प्रकाश और बबलू मोटरसाइकिल से जवाली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी तथा मृतकों के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। देर रात तक ग्रामीण सड़क पर डटे रहे, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पांच घंटे तक प्रभावित रहा आवागमन

करीब पांच घंटे तक चले चक्काजाम के कारण जवाली-चाकाबुडा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।

प्रशासन की समझाइश के बाद खत्म हुआ आंदोलन

बाद में तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मृतकों के स्वजन को तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Back to top button