रायपुर निगम की अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई
Raipur Corporation takes major action against illegal plotting

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने सरोना नाले के पास हो रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध रूप से बनाई गई मुरुम सड़क को काट दिया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही मौके पर बने अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया।
मामला नगर निगम जोन-8 के संत रविदास वार्ड क्रमांक-70 का है। दरअसल निगम को सरोना नाला के पास करीब 1 एकड़ जमीन पर बिना अनुमति प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत मिल रही थी। निगम अधिकारियों के मुताबिक जमीन पर अवैध तरीके से सड़क बनाकर प्लॉट काटे जा रहे थे।
मौके पर लगाया सूचना बोर्ड
कार्रवाई के बाद निगम ने जमीन पर तुरंत सूचना बोर्ड लगा दिया, ताकि लोग प्लॉट खरीदने से पहले सतर्क रहें। इसके साथ ही मामले में रजिस्ट्री रोकने के लिए पंजीयक कार्यालय को भी पत्र भेजा गया है।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में की गई। मौके पर कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान और नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही।
