अयोध्या तीर्थ यात्रा के नाम पर 75 ग्रामीणों से ठगी, आरोपी गिरफ्तार
75 villagers duped in the name of Ayodhya pilgrimage, accused arrested

बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गोंदइया व बछालीखुर्द के ग्रामीणों से अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर रकम वसूल कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गोंदइया में रहने वाले हेमंत साहू ने ग्रामीणों की ओर से थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपित होरी लाल अनंत पिता टेसूदास अनंत निवासी ग्राम झझपुरीकला सतनामीपारा, थाना लोरमी जिला मुंगेली बीते करीब एक वर्ष से गांव में आना-जाना कर रहा था।
घरों से चावल भी लिए
वह खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से जुड़ा सदस्य बताता था तथा ग्रामीणों का विश्वास जीतने के लिए श्रीराम जन्मभूमि के नाम पर चावल और आर्थिक सहयोग भी एकत्र करता था। आरोप है कि उसने ने ग्रामीणों को अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने का झांसा देकर प्रति व्यक्ति एक हजार 501 रुपये जमा कराए। ग्राम गोंदईया के 43 लोगों से करीब 64 हजार 543 रुपये तथा ग्राम बछालीखुर्द के 32 ग्रामीणों से लगभग 48 हजार 32 रुपये लिए गए।
मई में जानी थी यात्रा
इस तरह कुल 75 लोगों से एक लाख 12 हजार 575 रुपये वसूले गए। ग्रामीणों के अनुसार सात मई 2026 को यात्रा पर ले जाने की तिथि तय की गई थी, लेकिन तय तारीख के बाद से आरोपित का मोबाइल बंद है और वह गांव आना भी बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने धार्मिक आस्था और अयोध्या दर्शन के नाम पर विश्वास में लेकर रकम ऐंठी है।
