सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा कल, 13,319 अभ्यर्थी होंगे शामिल
Civil Services Preliminary Exam Tomorrow, 13,319 Candidates Will Appear

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा कल को होगी। पहली पाली में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ में रायपुर और बिलासपुर में एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं, जहां 13 हजार 319 कैंडिडेट्स एग्जाम देंगे। रायपुर जिले में 22 एग्जाम सेंटर हैं, जहां करीब 8 हजार 449 कैंडिडेट्स प्रीलिम्स एग्जाम देंगे। वहीं बिलासपुर में 14 सेंटर है जहां 4 हजार 870 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। कैंडिडेट्स को एग्जाम सेंटर में एंट्री से पहले फेस ऑथेंटिकेशन प्रोसेस से गुजरना होगा। यानि कैंडिडेट्स जब सेंटर पहुंचेंगे तो उनका फेस स्कैन किया जाएगा। वेरिफाइड होने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले सेंटर पहुंचने की अपील की है। तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी। कलेक्टर ने एग्जाम सेंटर के 500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए हैं। गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय से किया जाएगा और परीक्षा के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखेगी।
