सुशासन तिहार का 9वां शिविर 5 जून को देवपुरी में, जनता की समस्याओं का होगा समाधान
9th camp of Sushasan Tihar to be held on 5th June in Devpuri, public problems to be resolved

रायपुर। रायपुर नगर निगम में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्याओं के निराकरण के लिए शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। 9वां जनसमस्या निवारण शिविर 5 जून (शुक्रवार) को रायपुर ग्रामीण और रायपुर दक्षिण विधानसभा के जोन क्रमांक-10 में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर देवपुरी गुरुद्वारा (धर्मशाला), कमल विहार (कौशल्या विहार) गेट के पास लगाया जाएगा।
शिविर में आम नागरिकों से उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक महीने के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही हर आवेदक को उनके आवेदन की स्थिति और निराकरण की जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम जनता तक सीधे पहुंचाना है।
शिविर में रायपुर नगर निगम के अलावा राजस्व, विद्युत, खाद्य, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम विभाग सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े विभाग मौजूद रहेंगे।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, जोन-10 के वार्ड क्रमांक 49, 50, 52, 53, 54, 55 और 56 के नागरिक इस शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित जोन कमिश्नर को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
