रायपुर

रायपुर में मसीह समाज का बड़ा विरोध प्रदर्शन

Massive protest by Christian community in Raipur

रायपुर। संयुक्त मसीह समाज छत्तीसगढ़ ने मसीह समाज के खिलाफ कथित अत्याचार, भेदभाव, झूठे मुकदमों और धर्मांतरण के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में 8 जून को पुतला दहन आंदोलन करने का ऐलान किया है। यह कार्यक्रम सोमवार शाम 4 बजे शंकर नगर चौक पर आयोजित होगा।

समाज का कहना है कि, आंदोलन के माध्यम से उनकी मांगों और चिंताओं को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। इससे पहले समाज ने अपने विरोध को लेकर गुरुवार को रायपुर में पैदल पदयात्रा निकाली थी।

संयुक्त मसीह समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रभाकर सोनी के नेतृत्व में यह पदयात्रा यूनिवर्सिटी क्षेत्र से शुरू होकर गृहमंत्री विजय शर्मा के निवास की ओर निकाली गई। पदयात्रा के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन की कथित निष्क्रियता और लगातार बढ़ रहे उत्पीड़न के मामलों पर नाराजगी जताई।

झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश

संयुक्त मसीह समाज का आरोप है कि, प्रदेश में मसीह समाज के लोगों को धर्मांतरण के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। कई मामलों में झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि, वे लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

समाज के अनुसार, 8 जून को आयोजित पुतला दहन आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। आंदोलन के दौरान समाज के सदस्य अपनी कई मांगों और मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। शासन-प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे। आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे।

Back to top button