रायपुर में ट्रक की टक्कर से 2 बाइक सवार घायल
Two bike riders injured after being hit by a truck in Raipur.

रायपुर। रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। मैटर पार्क इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सुबह बाइक से अपनी फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मैटर पार्क के पास उनकी बाइक अचानक बीच सड़क पर बंद हो गई। युवक बाइक को संभालने और सड़क किनारे करने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक उन पर चढ़ते-चढ़ते बचा और जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। वहीं, घायल युवकों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
