छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

खेत में गिरी बिजली, दंपती की मौके पर मौत

Lightning strikes field; couple dies on the spot.

जांजगीर चांपा। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान आनंद राम माली (50) और उनकी पत्नी धोबनीन माली (45) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी खेत में कृषि कार्य के सिलसिले में गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया। तेज गर्जना और वर्ष के बीच आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर डभरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपती की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं प्राकृतिक आपदा राहत के तहत नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार हो रही वर्षा और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

Back to top button