रायपुर

बरसते पानी में PHE ठेकेदारों का प्रदर्शन

PHE contractors protest in the rain.

रायपुर। रायपुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के मुख्यालय नीर भवन के बाहर सोमवार को ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनके कामों का भुगतान अटका हुआ है। इससे वे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं दे पा रहे हैं।

ठेकेदारों ने कहा कि उन्होंने विभाग के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं समेत कई विकास कार्य समय पर पूरे किए हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से उनके बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा। कई बार अधिकारियों से मुलाकात और लिखित आवेदन देने के बाद भी केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही।

ठेकेदारों का कहना है कि, भुगतान नहीं मिलने से बैंक की किस्तें, मशीनों का किराया, निर्माण सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का बकाया और मजदूरों की मजदूरी देना मुश्किल हो गया है। छोटे और मध्यम स्तर के कई ठेकेदार आर्थिक तंगी के कारण नए काम लेने की स्थिति में भी नहीं हैं।

पीएचई के बाहर प्रदर्शन होने के कारण सुभाष स्टेडियम से कटोरा तालब जाने वाले रास्ते का पुलिस ने रूट डायवर्ट किया है। पुलिस ने रूट डायवर्ट की एडवायजरी रविवार शाम को ही जारी कर दी थी। यातायात व्यवस्था बदहाल ना हो, इसलिए अफसरों ने अतिरिक्त बल लगाया है।

Back to top button