पंडरी में फिर गरजा निगम का बुलडोजर, अवैध कब्जों पर कार्रवाई
Municipal Corporation's bulldozer roars again in Pandri; action taken against illegal encroachments.

रायपुर। रायपुर में जलभराव और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। निगम की जोन-2 टीम ने पंडरी स्थित होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी से तोड़ दिया है।
वहीं, जोन-10 की टीम ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर दोबारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए मुरम रोड काट दी और अवैध नींव ध्वस्त कर दी।
पंडरी में नाले पर बने 6 से ज्यादा अवैध पाटे हटाए
महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-2 नगर निवेश विभाग ने पंडरी में अभियान चलाया। होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर कब्जा कर बनाए गए आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी से तोड़ा गया।
नगर निगम के मुताबिक इन पाटों की वजह से नाले की सफाई पूरी तरह प्रभावित हो रही थी और बारिश में जलभराव की समस्या बढ़ रही थी। इस कार्रवाई के बाद नाले की सफाई कर जल निकासी सुचारू करने का काम शुरू किया गया। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों पर बने सभी अवैध पाटों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बोरियाखुर्द में फिर शुरू हुई अवैध प्लाटिंग, निगम ने दोबारा की कार्रवाई
उधर, जोन-10 नगर निवेश विभाग ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर दोबारा शुरू की गई अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध मुरम सड़क काट दी, प्लाटिंग स्थल तक पहुंचने का रास्ता बंद कर दिया और बनाई गई अवैध नींव भी तोड़ दी।
नगर निगम का कहना है कि अज्ञात लोगों द्वारा दोबारा अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिस पर तत्काल रोक लगाई गई।
भूमि मालिक की जानकारी मांगी, एफआईआर होगी
नगर निगम ने संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी के लिए रायपुर तहसीलदार को पत्र भेजा है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित प्लाटिंगकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि, मानसून के दौरान जलभराव रोकने और अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
