रायपुर

हिडमा पर बयान के सवाल में घिरे विधायक अटल श्रीवास्तव

MLA Atal Shrivastava faces questions over statement regarding Hidma.

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने माओवादी कमांडर हिड़मा का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से माओवादियों को संरक्षण देने और उनकी वैचारिक खाद-पानी देने का रहा है।

अटल श्रीवास्तव से कुछ दिन पहले जब यह पूछा गया था कि क्या हिडमा उनका रोल माडल है तो उन्होंने कहा था कि जो जल, जंगल, जमीन और बस्तर की संस्कृति की रक्षा करने के लिए लड़ेगा वो उनका रोल माडल होगा।

माओवादी ‘क्रांतिकारी’ नहीं, हत्यारे हैं: नंदन जैन

नंदन जैन ने कहा कि हजारों निर्दोष आदिवासियों और वीर जवानों के खून से रंगे हाथ वाले खूंखार माओवादी हिड़मा का महिमामंडन करना कांग्रेस की विकृत मानसिकता को दर्शाता है। यह बस्तर के बलिदानियों और उनके परिवारों का घोर अपमान है। जैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माओवादियों का भाईचारा पुराना है। जब भी माओवादियों पर सुरक्षा बलों का कड़ा प्रहार होता है, तब कांग्रेस नेताओं का दर्द छलक उठता है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह, राजबब्बर से लेकर राहुल गांधी तक, समय-समय पर माओवादियों के प्रति सहानुभूति जताते रहे हैं। भाजपा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के लिए देश पहले नहीं, बल्कि वोट बैंक की राजनीति सर्वोपरि है।

कांग्रेस आलाकमान दे स्पष्टीकरण

भाजपा प्रवक्ता वैभव बैस ने कहा कि क्या कांग्रेस अपने बलिदानी नेताओं विद्याचरण शुक्ला और महेंद्र कर्मा की शहादत का सम्मान करती है? यदि करती है, तो माओवादियों का महिमामंडन करने वाले विधायक पर कार्रवाई क्यों नहीं करती? उन्होंने कहा कि जिस बस्तर ने महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव जैसे जननायक दिए, वहां माओवादी हिड़मा कभी नायक नहीं हो सकता। भाजपा ने कांग्रेस आलाकमान से पूछा है कि क्या वह अपने विधायक के इस माओवादी प्रेम का समर्थन करती है? भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस विधायक को बस्तर की जनता और शहीद जवानों के परिवारों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

Back to top button