बिलासपुर में लॉ छात्र की मौत, सुसाइड नोट मिला
Law student dies in Bilaspur; suicide note found.

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहे एक 23 वर्षीय छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें केवल सॉरी लिखा था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
सरकंडा टीआइ प्रदीप आर्य ने बताया कि अंबिकापुर निवासी अभिषेक यादव (23) पिता गुरुप्रसाद यादव के निजी महाविद्यालय में विधि के छात्र थे। उनके पिता पुलिस विभाग में एसआई हैं। अभिषेक उच्च शिक्षा के लिए बिलासपुर आया था और कालेज में एडमिशन लेने के बाद अशोक नगर स्थित एक किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अभिषेक कालेज से अपने कमरे पर लौटा था। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। शुक्रवार शाम तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और कोई हलचल नहीं होने पर उसके दोस्तों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के भीतर झांककर देखा तो अभिषेक का शव मिला। इसकी सूचना तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई।
पुलिस को कमरे से मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। इस दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें केवल सारी लिखा हुआ था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया। शनिवार को स्वजन की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन, काल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
