छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

जल जीवन मिशन फेल, गड्ढे का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

Jal Jeevan Mission fails; villagers forced to drink water from a pit.

बड़गांव। ग्राम पंचायत मेंड्रा के आश्रित ग्राम रामपुर के वंड़गे पारा में जल जीवन मिशन योजना फेल हो गई है। ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर आधारित पेयजल टंकी पिछले एक माह से बंद पड़ी है। इसके चलते ग्रामीणों को गड्ढों में जमा गंदा पानी पीकर प्यास बुझानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल संकट को लेकर कई बार आवेदन देकर अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक महीने से जलापूर्ति बंद रहने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने व्यवस्था बहाल करने की जरूरत नहीं समझी। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

बढ़ रहा बीमारियों का खतरा

गंदा पानी पीने की मजबूरी के कारण गांव में जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये खर्च कर जल जीवन मिशन शुरू किया, लेकिन वंड़गे पारा में यह योजना पूरी तरह दम तोड़ती नजर आ रही है।

तत्काल हस्तक्षेप करे प्रशासन

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बंद पड़ी सोलर जलप्रदाय प्रणाली को चालू कराने, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मौके पर भेज रहे टीम

तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए टीम मौके पर भेजा जायेगा और पूरा प्रयास रहेगा की जल्द पेयजल की व्यवस्था हो।

– कपिल नेताम, सहायक अभियंता,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग

 

Back to top button