रायपुर पुलिस हुई डिजिटल, ई-मालखाना सिस्टम शुरू
Raipur Police goes digital; e-Malkhana system launched.

रायपुर। रायपुर का मौदहापारा थाना अब ई-मालखाना प्रणाली से जुड़ गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने आज इसका शुभारंभ किया। इससे पहले कमिश्नरेट में ई-मालखाना की शुरुआत कोतवाली थाना से की गई थी।
ई-मालखाना प्रणाली के जरिए अपराध और अन्य मामलों में जब्त किए गए सामान का रिकॉर्ड अब डिजिटल तरीके से रखा जाएगा। इससे जब्त सामान का पूरा रिकॉर्ड साफ, व्यवस्थित और पारदर्शी रहेगा।
साथ ही सामान की डिजिटल एंट्री होने से उसकी पूरी जानकारी सुरक्षित रहेगी। इससे किसी भी जब्त सामान की स्थिति, विवरण और उससे जुड़े केस की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
निगरानी और पारदर्शिता बढ़ेगी
पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था से न्यायालयीन प्रक्रिया में भी पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। डिजिटल रिकॉर्ड होने से जब्त माल के प्रबंधन में आसानी होगी और उसके रखरखाव की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सकेगी।
अब सभी थानों में लागू होगी ई-मालखाना प्रणाली
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के तहत चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह समेत थाने के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
