खेल

एक पारी और वैभव सूर्यवंशी बनेंगे T20 के नंबर-1!

Just one more innings, and Vaibhav Suryavanshi will become the No. 1 in T20s!

नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज में बल्ले से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) अब जिम्बाब्वे दौरे पर नई शुरुआत की तैयारी में हैं। तीन मैचों की टी20 सीरीज में वह इंग्लैंड की असफलता को पीछे छोड़ते हुए दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। इस दौरे (IND vs ZIM) पर उनकी बल्लेबाजी पर सभी की नजरें होंगी, क्योंकि उनके पास T20 क्रिकेट का एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर है।

11 छक्के लगाते ही बन जाएगा नया विश्व रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अब तक टी20 क्रिकेट की 37 पारियों में 139 छक्के लगाए हैं। यदि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 11 छक्के लगाने में सफल रहते हैं तो उनके टी20 करियर में छक्कों की संख्या 150 हो जाएगी। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 150 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

मोहम्मद वसीम का रिकॉर्ड टूटने की दहलीज पर

इस समय टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 150 छक्के लगाने का रिकॉर्ड यूएई के मोहम्मद वसीम के नाम दर्ज है। उन्होंने 66 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस सूची में दूसरे स्थान पर इविन लुईस हैं, जिन्होंने 70 पारियों में 150 छक्के पूरे किए थे। वहीं, क्रिस गेल ने 72 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।

अगर वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे के खिलाफ 11 छक्के लगाने में सफल रहते हैं तो वह सिर्फ 37 पारियों में 150 छक्के पूरे कर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। भारतीय खिलाड़ियों में सबसे तेज 150 छक्के लगाने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है, जिन्होंने 86 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

इंग्लैंड की कमजोरी पर किया खास काम

इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी शॉर्ट गेंदों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए थे और लगातार उसी तरह आउट हुए थे। इस कमी को दूर करने के लिए उन्होंने जिम्बाब्वे रवाना होने से पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ विशेष अभ्यास किया। ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने शॉर्ट गेंदों पर बल्लेबाजी को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया। अब देखना दिलचस्प होगा कि जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव सूर्यवंशी अपनी तैयारियों को प्रदर्शन में बदलते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं या नहीं।

Back to top button