रायपुर में फिर वायरल हुआ पूल पार्टी पोस्टर, पुलिस जांच में जुटी
Pool party poster goes viral in Raipur, police investigate

रायपुर। राजधानी में एक बार फिर सोशल मीडिया पर प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल हो रहा है। वायरल पोस्टर में 4,999 रुपये एंट्री फीस लेकर गोपनीय स्थान पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। इसमें खूबसूरत एक्ट्रेस और मॉडल्स के साथ इंटरेक्शन, सीमित मेहमानों की एंट्री और भुगतान के बाद ही पार्टी की लोकेशन बताने जैसी बातें लिखी गई हैं। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्टर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर में दावा किया गया है कि पार्टी में केवल सीमित संख्या में मेहमानों को प्रवेश मिलेगा। एंट्री फीस जमा करने के बाद आयोजन स्थल की जानकारी दी जाएगी। हालांकि, पोस्टर में आयोजन स्थल और आयोजकों की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
आयोजकों की पहचान की जांच की जा रही है
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल पोस्टर की सत्यता और आयोजकों की पहचान की जांच की जा रही है। साइबर माध्यमों से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्टर किस सोशल मीडिया प्लेटफार्म और किन अकाउंट्स से वायरल किया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रस्तावित आयोजन के लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति ली गई है या नहीं।
बजरंग दल ने दी चेतावनी
इस कथित आयोजन को लेकर बजरंग दल ने आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि राजधानी में पहले भी इस तरह की पार्टियों के पोस्टर सामने आ चुके हैं और यदि इस प्रकार का आयोजन किया गया तो संगठन विरोध करेगा। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से शहर का माहौल खराब हो सकता है और प्रशासन को समय रहते सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
