दुर्ग-भिलाई

च्वाइस सेंटर के हिसाब-किताब का विवाद खूनी, भाई ने भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की

Dispute over 'Choice Center' accounts turns deadly; man kills brother with an axe.

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां साईनगर बघेरा इलाके में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। विवाद की जड़ चॉइस सेंटर के संचालन से जुड़ा मामूली हिसाब-किताब था। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे और साथ मिलकर चॉइस सेंटर चलाते थे। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच चॉइस सेंटर की कमाई और संचालन को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इसी छोटी सी बात ने धीरे-धीरे विवाद का रूप ले लिया। मंगलवार देर रात जब दोनों के बीच हिसाब-किताब को लेकर फिर से बहस हुई, तो मामला इतना बढ़ गया कि देवेंद्र अपना आपा खो बैठा।

कुल्हाड़ी से किया जानलेवा प्रहार

विवाद के बीच आक्रोशित देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपने छोटे भाई कैलाश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी दंग रह गए।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूचना मिलने के तुरंत बाद दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज किया। प्रार्थी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई देवेंद्र देवांगन को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस घटना से जुड़ी हर बारीक कड़ियों की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि इसके पीछे कोई और कारण तो नहीं था।

Back to top button