रायपुर

राजभाषा आयोग के स्थापना दिवस पर सजेगा साहित्यिक मंच, 11 छत्तीसगढ़ी पुस्तकों का होगा विमोचन

A literary stage will be set up on the foundation day of the Official Language Commission; 11 Chhattisgarhi books will be released.

रायपुर। छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और स्थानीय बोलियों को नई पहचान देने की दिशा में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का 19वां कार्यालय स्थापना दिवस 14 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन, रायपुर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेशभर के साहित्यकार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाषा-संस्कृति से जुड़े गणमान्य लोग शामिल होंगे। इस आयोजन का सबसे खास आकर्षण 11 छत्तीसगढ़ी साहित्यिक पुस्तकों का विमोचन और छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले साहित्यकारों एवं कर्मियों का सम्मान रहेगा।

 

19वें स्थापना दिवस पर जुटेंगे प्रदेशभर के साहित्यकार

छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के सभी जिलों से छत्तीसगढ़ी एवं अन्य स्थानीय बोलियों के साहित्यकार प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में भाषा, साहित्य और लोकसंस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल होंगे। वहीं वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

 

कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

समारोह में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित संस्कृति विभाग एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इनमें संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन, संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।

 

11 छत्तीसगढ़ी पुस्तकों का होगा विमोचन

स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित 11 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इनमें डॉ. परदेशी राम वर्मा की ‘जगमग अगास अउ उज्जर धरती’, रामनाथ साहू की ‘हंसा’, नारायण प्रसाद वर्मा की ‘चुरूवा भर के प्यास’, विशाल वैष्णव ‘अचिन्तय’ की ‘रामायण भाग-4 (बलखर हनुमान)’ और सुरेश प्रसाद जायसवाल की ‘बिलौती’ शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली प्रसाद ताम्रकार की ‘कलम के नांगर’, जगदीश सोनी की ‘समिलहा’, दिनेश चौहान की ‘कहिनी अउ लोककथा’, रमेश विश्वहार की ‘हम तो ममा राम के’, पं. विजय कुमार पाण्डेय की ‘सुंदर कांड’ और हरिशंकर देवांगन की ‘एक कहानी हाना के भाग दो’ का भी विमोचन होगा।

 

छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वालों का सम्मान

समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें सेवानिवृत्त आकाशवाणी उद्घोषक संजय पाण्डेय, वरिष्ठ टीवी एंकर एवं पत्रकार ज्योति सिंह, सेवानिवृत्त कार्यक्रम अधिकारी आकाशवाणी समीर शुक्ला, साहित्यकार चेतन भारती और साहित्यकार चोवाराम वर्मा ‘बादल’ शामिल हैं।

 

बबा तुलसीदास के साहित्य म छत्तीसगढ़’ पर होगी चर्चा

कार्यक्रम में ‘बबा तुलसीदास के साहित्य म छत्तीसगढ़’ विषय पर विशेष चर्चा गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के अधिष्ठाता कला संकाय एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजन यादव तथा आध्यात्मिक चिंतक, सलाहकार संपादक न्यूज 24 और भागवताचार्य संदीप अखिल वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।

 

काव्य पाठ के साथ होगा स्थापना दिवस का समापन

कार्यक्रम का संचालन विजय मिश्रा ‘अमित’ करेंगे। स्वागत भाषण आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार और अध्यक्षीय भाषण छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा देंगे। समापन सत्र में प्रदेशभर से आए आमंत्रित साहित्यकार छत्तीसगढ़ी भाषा और अन्य स्थानीय बोलियों में काव्य पाठ करेंगे। इस तरह आयोग का 19वां स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और लोकबोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के संदेश के साथ संपन्न होगा।

Back to top button