कर्मचारी ने 1.20 करोड़ कैश उड़ाया, सूटकेस में पैसों की जगह भरे गत्ते के टुकड़े

मुंबई। साउथ मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ज्वेलरी डिस्ट्रीब्यूटर के कर्मचारी के 1.20 करोड़ रुपए का वीकली कलेक्शन चोरी करने की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। आरोपी ने फिल्मी अंदाज में असली पैसों से भरे ट्रॉली बैग को गत्ते के टुकड़ों से भरे हूबहू दिखने वाले नकली बैग से बदल दिया। पायधुनी पुलिस ने इस साजिश में शामिल 28 साल के आरोपी युवराज देवड़ा को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी गए 1.16 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड रिकवरी कर ली है। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी और उसके बड़े भाई पीरसिंह देवड़ा (30) की तलाश में छापेमारी जारी है।
गत्ते से भरा बैग रखकर फरार हुआ कर्मचारी
पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, पायधुनी में इमिटेशन ज्वेलरी का कारोबार करने वाले 37 साल के व्यवसायी विकास जैन ने अपने कर्मचारी पीरसिंह देवड़ा को दुकान से हफ्ते भर का 1.20 करोड़ रुपए का कलेक्शन दफ्तर में लाने को कहा था।
पीरसिंह ने अपने छोटे भाई युवराज के साथ मिलकर चोरी का प्लान बनाया। वह दफ्तर में 1.20 करोड़ रुपए कैश लेकर पहुंचा, लेकिन वहां से कैश गायब कर उसने बिल्कुल वैसा ही दिखने वाला दूसरा ट्रॉली बैग रख दिया, जिसे उसने गत्ते के टुकड़ों से भर रखा था।
जब बिजनेसमैन विकास जैन सोमवार को बैंक में कैश जमा करने के लिए दफ्तर आए और बैग खोला, तो उसमें गत्ते देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारी पीरसिंह भी अपना फोन स्विच ऑफ करके लापता था। इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
DCP आर. रागासुधा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “आरोपी कर्मचारी ने असली कैश गायब कर गत्ते से भरा बैग दफ्तर में छोड़ दिया था और फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के भाई को गिरफ्तार कर 1.16 करोड़ रुपये बरामद कर लिए हैं। फरार मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं।” पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत केस दर्ज किया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
