दूध देने निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, सड़क किनारे मिला शव; इलाके में सनसनी

बलौदाबाजार. जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। ग्राम खैंदा और मुड़ियाडीह के बीच सड़क पर 65 वर्षीय केजराम ध्रुव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि वे दूध देने के लिए घर से निकले थे, इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान केजराम ध्रुव, पिता ढेलसिंह ध्रुव (65 वर्ष), निवासी ग्राम मुड़ियाडीह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि केजराम मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से दूध देने के लिए ग्राम गैंदा गया था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
