फेरी लगाकर बेचता था बर्तन, चोरी का जेवर खरीदकर बन गया ज्वेलरी शॉप का मालिक, 10 साल से चल रहा था गोरखधंधा

कोरबा। 23 अगस्त 2026| बसों में सफर के दौरान महिला यात्रियों को निशाना बनाकर गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र स्नेचिंग करने वाले बाबा गिरोह की महिलाओं से सोना खरीदने वाले ज्वेलरी व्यापारी गौतम दुबे (35) को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। गौतम पहले फेरी लगाकर बर्तन बेचता था, इस दौरान बाबा गिरोह से चोरी का सोना खरीदने लगा और खुद ज्वेलरी व्यापारी बन गया
बीते 11 अगस्त को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोरबा आ रही बस में रतनपुर के पास बांकीमोंगरा निवासी महिला यात्री से धक्का-मुक्की कर गले से सोने की चेन झपटने की घटना हुई थी। महिला गिरोह ने घटना को अंजाम दिया था। मामले में जांच करते हुए रतनपुर पुलिस ने बांगो थाना क्षेत्र के 9 सदस्यीय बाबा गिरोह को पकड़ा था। गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के दौरान, चोरी का सोना खरीदने वाले गौतम का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक आरोपी गौतम के पास से तकरीबन 7 तोला गला हुआ सोना बरामद किया गया है, जो गिरोह द्वारा उसके पास खपाया गया था।
बाबा गिरोह के संपर्क में ऐसे आया
छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के कटघोरा निवासी आरोपी गौतम पूर्व में फेरी लगाकर साइकिल में बर्तन बेचता था। इसी दौरान बांगो थाना क्षेत्र के बाबा मोहल्ला में उसकी मुलाकात स्नेचिंग करने वाले बाबा गिरोह से हुई। गिरोह ने चोरी का सोना उसके पास खपा दिया, जिसके बाद सिलसिला शुरू हो गया।
चोरी के जेवर खरीदने खोला ज्वलेरी शॉप
बाबा गिरोह के संपर्क में आने के बाद गौतम ने चोरी के जेवर खरीदने के लिए पोड़ी-उपरोड़ा में ज्वेलरी शॉप खोल लिया था। गिरोह के लोग वहां वक्त-बेवक्त पहुंचकर अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी कर लाउ जेवर खपाते थे। आरोपी गौतम कम दाम में खरीदी के बाद जेवर को गलाकर कारीगर से नया बनवा लेता था, जिसे वर्तमान बाजार कीमत में बेचता था। वह करीब एक दशक से चोरी का सोना खरीद रहा था, एक दशक से चल रहे इस गोरखधंधे का राज अब जाकर खुला।
