खाना खाने के बाद तीन बहनों की मौत, दो ने बेटमा में तोड़ा दम; रायपुर लौटते समय इटारसी में तीसरी की भी गई जान

इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब खाना खाने के बाद तीन सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटमा में दो बच्चियों की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजन उनके शव लेकर रायपुर लौट रहे थे, तभी तीसरी 10 वर्षीय बेटी की इटारसी के पास अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में करीब एक घंटे तक चले इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, जबकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और बिसरा जांच के बाद स्पष्ट होगी.
जानकारी के अनुसार, बेटमा में परिवार के खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत बिगड़ गई थी। इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दुखी परिजन दोनों बेटियों के शवों को एम्बुलेंस से अपने गृहग्राम रायपुर ले जा रहे थे, तभी इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद करीब एक घंटे में आशी ने भी दम तोड़ दिया।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, ‘शून्य’ पर दर्ज हुआ मर्ग
शुरुआती जांच में उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि चूंकि घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है, इसलिए इटारसी पुलिस ने ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। केस डायरी संबंधित बेटमा थाने भेजी जाएगी।
बिसरा जांच से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
