महिला बाल विकास विभाग का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: अनुभवी अधिकारियों को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, बृजेन्द्र सिंह बने बाल आयोग के सचिव

रायपुर, 2 सितंबर 2026: महिला एवं बाल विकास विभाग ने आज एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए संतुलित तबादला आदेश जारी किया है। विभाग के इस फैसले को प्रशासनिक गलियारों में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्षों से जिलों में अपनी सेवाएं दे रहे अनुभवी अधिकारियों को इस आदेश में महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थ किया गया है। लंबे समय से गरियाबंद जिले में पदस्थ रहे जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पांडे को दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह जशपुर में पदस्थ श्री अजय शर्मा और धमतरी में पदस्थ श्रीमती जगरानी इक्का को उनके जमीनी अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश को मिल सके, इसके लिए संचालनालय, रायपुर में पदस्थ किया गया है।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग को मिला नया ऊर्जावान सचिव
इस तबादला सूची का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय बाल अधिकार संरक्षण आयोग में किया गया है। आयोग में योग्यता और कार्य-कुशलता के आधार पर पदस्थापना की गई है।
श्री बृजेन्द्र सिंह को आयोग का नया सचिव नियुक्त किया गया है। श्री सिंह को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता के आधार पर यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि श्री सिंह का प्रशासनिक अनुभव काफी समृद्ध रहा है। उन्होंने बीजापुर और दंतेवाड़ा जैसे अत्यंत चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित जिलों में भी बेहतरीन कार्य किया है। इसके अलावा सारंगढ़ और महासमुंद जैसे मैदानी जिलों में भी उनके कार्यों की सराहना हुई है।
संचालनालय में अपनी पूर्व पदस्थापना के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर जो बड़ी सफलता हासिल हुई थी, उसमें श्री सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही थी।
विभागीय सूत्रों का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों की नई टीम के आने से महिला सशक्तिकरण और बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी आएगी।
