धमतरी के 3 वार्डों में दूषित पानी का कहर, 37 से ज्यादा पीलिया-टाइफाइड की चपेट में
नया पारा, रिसाई पारा और रामसागर पारा में फैली बीमारी से दहशत; बच्चे भी गंभीर रूप से बीमार, पाइपलाइन लीकेज तलाश रहा नगर निगम
धमतरी। शहर के तीन वार्डों में दूषित पानी की वजह से पीलिया और टाइफाइड के मामले तेजी से सामने आने से हड़कंप मच गया है। नया पारा, रिसाई पारा और रामसागर पारा में अब तक 37 से ज्यादा लोगों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीमारी फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर सर्वे कर मरीजों की जांच कर रही है, जबकि नगर निगम का जल विभाग पाइपलाइन में लीकेज तलाशने के लिए जगह-जगह खुदाई करा रहा है।
वार्डवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों में संचालित डेयरियों का गोबर और गंदा पानी नालियों में बहने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उनका दावा है कि पाइपलाइन लीकेज के कारण दूषित पानी पेयजल में मिल रहा है। लोगों ने तत्काल सफाई कराने और रिहायशी इलाकों से डेयरियां हटाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी है।
