छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

जैतपुरी में धान के खेतों में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत; ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी

कवर्धा। जिले के ग्राम जैतपुरी में धान के खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ इससे पहले भी गांव में कई बार नजर आ चुका है, और अब तक करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है।

भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है गांव
जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है। तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग द्वारा ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी की जा रही है।

रायपुर के जंगल सफारी से मंगाई जा रही ट्रेंकूलाइजेशन गन
मौके पर वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल सहित वन विभाग की टीम मौजूद है। तेंदुए को बेहोश करने के लिए रायपुर के जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के अनुसार, गन को मौके तक पहुंचने में करीब 2 से 3 घंटे का समय लग सकता है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं, मौके पर तेंदुए को देखने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी जुटे हुए हैं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुए के नजदीक नहीं जाने की अपील की जा रही है।

Back to top button