छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)रायपुर

कार से टक्कर के बाद युवक से मारपीट, गले से सोने की चेन छीनकर आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में कार से टक्कर के बाद युवक के साथ मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। घटना मोवा स्थित अशोका रतन के गेट नंबर-1 के पास की है। यहां गुरुवार को शाम करीब 6:40 बजे कार सवार तीन युवकों ने एक युवक के साथ विवाद के बाद जमकर मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पूरा मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक और उसके दो साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को वारदात से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। पुलिस के अनुसार कैपिटल पैलेस, अवंति विहार निवासी अमन अग्रवाल कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम वह अपनी कार से अशोका रतन गेट नंबर-1 से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एटी प्लाजा ओवरब्रिज की ओर से आ रही कार उनकी कार से टकरा गई।

मारपीट के दौरा शर्ट फाड़ने का आरोप
अमन के मुताबिक टक्कर के बाद वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही काली कार का चालक और उसमें सवार दो अन्य युवक उनकी कार के पास पहुंच गए। तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज की। मारपीट भी की। आरोपियों ने उनकी शर्ट भी फाड़ दी। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन को बलपूर्वक खींचकर लूट लिया और तीनों काली कार में बैठकर फरार हो गए। हमले में अमन के गले में भी चोट आई है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद अमन ने अपने परिवार के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद वे परिजनों के साथ पंडरी थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया है। शिकायतकर्ता के अनुसार पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पंडरी पुलिस ने अमन अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(2) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Back to top button