स्टेट GST का बड़ा एक्शन: बिलासपुर-मुंगेली के 6 कारोबारियों के ठिकानों पर जांच, बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी

बिलासपुर। टैक्स चोरी और बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच स्टेट GST विभाग ने बिलासपुर और मुंगेली में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दोनों जिलों के 6 व्यापारियों और प्रतिष्ठानों के ठिकानों पर जांच की। इनमें बिलासपुर के व्यापार विहार के गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल कारोबारी शामिल हैं, जबकि मुंगेली के होटल-रेस्टोरेंट जांच के दायरे में आए। कार्रवाई के दौरान बावा होटल पर 60 लाख रुपए की पेनाल्टी और नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
टैक्स चोरी और गड़बड़ी पर कार्रवाई जारी
अधिकारियों के मुताबिक, राज्यभर में स्टेट जीएसटी और सेंट्रल जीएसटी विभाग द्वारा टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जांच में बात सामने आई कि मुंगेली के कुछ होटलों और रेस्टोरेंट में टैक्स चोरी की जा रही है। इसमें कच्चे बिल काटकर कथित तौर पर टैक्स बचाने की शिकायतों के बाद विभाग ने कई प्रतिष्ठानों पर जांच और कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स, पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स और धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में जांच की गई।
नुक्कड़ ढाबे पर जुर्माना
नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यहां शिकायत के आधार पर हुई जांच में कच्चे बिल से जुड़े मामले सामने आने की बात कही जा रही है।
बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी
वहीं पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार (बावा होटल) पर विभाग की कार्रवाई सबसे बड़ी बताई जा रही है। बावा होटल पर 60 लाख रुपये की पेनाल्टी और टैक्स संबंधी कार्रवाई की गई है।
