लव ट्रायंगल में 16 वर्षीय किशोर की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
रामभांठा के पुराने बस डिपो के पास पत्थर से सिर पर किए थे कई वार, मृतक का मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद

रायगढ़। रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि एक युवती को लेकर आरोपियों और किशोर के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने पहले किशोर का मोबाइल अपने कब्जे में लिया और उससे 1,000 रुपए मांगे। विवाद बढ़ने पर दोनों उसे पुराने बस डिपो के पास ले गए, जहां पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं।
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर, सुबह मिला शव
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन 15 सितंबर की सुबह कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा में संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 16 वर्षीय किशोर के रूप में की। उसके सिर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया।
आखिरी बार जिन युवकों के साथ दिखा, उनसे पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ के साथ मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए युवकों की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान मृतक के 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ विवाद की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में दोनों ने घटना से इनकार किया, लेकिन पुलिस की पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों से दोबारा पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
युवती के साथ देखने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आरोपी चक्रधर समारोह देखने रामलीला मैदान गए थे। वहां शिवम बानी ने किशोर को एक परिचित युवती के साथ देखा। पुलिस के अनुसार, शिवम बानी का उक्त युवती के प्रति एकतरफा लगाव था।
इसके बाद उसने किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाया। आरोपी शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर 1,000 रुपए देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए।
पुराने बस डिपो के पास पत्थर से हमला
पुलिस के अनुसार, पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने किशोर को युवती से मिलने-जुलने को लेकर डराया-धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ के कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद किया है। वहीं आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पुलिस ने क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया और अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली थाने में मारपीट के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर, आरक्षक कमलेश यादव, हरेन्द्र जगत, जितेन्द्र दुबे, सत्या यादव और कोमल तिवारी की मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
- शिवम बरेठ (20), पिता दिनेश बरेठ, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
- शिवम बानी (23), पिता संतराम बानी, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।
