दिल्ली हाई कोर्ट को मिले 7 नए जज… कुल संख्या 50 हुई

नई दिल्ली: सोमवार को सात न्यायिक अधिकारियों ने दिल्ली हाई कोर्ट के जज के तौर पर शपथ ली, जिससे कोर्ट में जजों की कुल संख्या 50 हो गई। चीफ जस्टिस डी के उपाध्याय ने जस्टिस निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा, भरत पाराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को शपथ दिलाई। ये सभी पहले यहां जिला न्यायपालिका में न्यायिक अधिकारी के तौर पर काम कर रहे थे। शपथ ग्रहण समारोह हाई कोर्ट परिसर में हुआ और शपथ दिलाने के बाद चीफ जस्टिस ने नए जजों को बधाई दी।
जस्टिस शर्मा और सक्सेना ने अंग्रेजी में शपथ ली, जबकि बाकी पांच ने हिंदी में शपथ ली। उन्हें हाई कोर्ट का अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को इन सात नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की थी। हाई कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 60 है और इन सात नई नियुक्तियों के साथ, मौजूदा संख्या बढ़कर 50 हो गई है।
