बिलासपुर

बिलासपुर पंचायत उपचुनाव में सरपंच पद पर कांटे की टक्कर, 18 पदों के लिए मतदान

Bilaspur Panchayat by-election sees close contest for Sarpanch post, polling for 18 posts

बिलासपुरः त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में नामांकन फार्म जमा करने के आखरी दिन रिक्त 18 पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई। जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी समेकित आंकड़ों के अनुसार जिले में सरपंच के दो और पंच के 16 पदों के लिए कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन भरा है। मस्तूरी में जहां चुनावी मुकाबला तय है, वहीं कोटा व बिल्हा में पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बन रही है।

बिलासपुर जिले के तीन विकासखंडों में चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक जिले में कुल 18 रिक्त पदों में से मस्तूरी ब्लाक के केवटाडीह में सरपंच के एक पद के लिए दो आवेदन आए हैं। वहीं पंच के रिक्त छह पदों के लिए मड़ई के वार्ड-5 में दो, वार्ड-15 में तीन, गिद्धपुरी में दो और गतौरा में दो दावेदारों के मैदान में होने से मुकाबला कड़ा होगा।

इसके विपरीत मस्तूरी के ही ओखर और रिस्दा में महज एक-एक आवेदन मिलने से यहां निर्विरोध निर्वाचन तय है। बिल्हा ब्लाक में सरपंच के एक पद के लिए तीन और पंच के तीन पदों के लिए कुल तीन नामांकन प्राप्त हुए हैं, जहां स्क्रूटनी के बाद निर्विरोध की स्थिति बन सकती है। सबसे दिलचस्प स्थिति कोटा ब्लाक की है, जहां कुल सात रिक्त पंच पदों में से केवल चार पर ही आवेदन आए हैं। लोकबंद में तीन पदों और कड़ारतराई में एक पद पर सिंगल नामांकन होने से यहां प्रत्याशी निर्विरोध पंच चुने जाएंगे।

मस्तूरी के मड़ई वार्ड-15 में सबसे दिलचस्प त्रिकोणीय मुकाबला

उपचुनाव के पूरे परिदृश्य में सबसे कड़ा और दिलचस्प मुकाबला मस्तूरी ब्लाक के ग्राम पंचायत मड़ई में देखने को मिलेगा। यहां के वार्ड नंबर 15 में पंच के महज एक पद के लिए कुल तीन दावेदारों ने अपना पर्चा दाखिल किया है। त्रिकोणीय मुकाबला होने के कारण वार्ड में चुनावी सरगर्मी सबसे ज्यादा तेज हो गई है।

खाली रह गए तीन वार्ड, प्रतिनिधित्व विहीन रहेंगे ग्रामीण

कोटा ब्लाक में प्रत्याशियों का टोटा रहने वाला हैं, क्योंकि करगीखुर्द और रानीसागर के तीन वार्डों में एक भी नामांकन नहीं आया है। पंच के चुनाव नहीं होने की स्थिति में जनता अगले सामान्य चुनाव तक पंच विहीन रहेगी। तीनों वार्डों के ग्रामीणों को अपनी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अब लंबा इंतजार करना होगा।

त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत मस्तूरी, बिल्हा और कोटा ब्लाक में नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी कल की जाएगी। जिले में कुल 18 रिक्त पदों के विरुद्ध 14 उम्मीदवारों के आवेदन मिले हैं। जिन पदों पर एक से अधिक नामांकन हैं, वहां नियमानुसार प्रतीक चिन्ह आबंटित कर चुनाव कराए जाएंगे। शिव बनर्जी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला बिलासपुर

Back to top button