CG NEWS: भारी बारिश कारण नदी नाले उफान पर: स्कूलों की छुट्टी

सरगुजा। 02 सितंबर 2026| उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बलरामपुर जिले में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है। सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूलों में जल भराव की स्थिति बनने लगी है। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले में आज स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
भारी बारिश का आलम ये कि राजपुर के तहसील कार्यालय में जल भराव की स्थिति बन गई है। कामकाज पूरी तरह ठप पड़ गया है। भारी बारिश के कारण ग्रामीण अंचलों से कामकाज के सिलसिले में जिला मुख्यालय आने वालों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है। नदी नालों में उफान के कारण आवागमन भी ठप पड़ गया है। सड़कें सुनी है और चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। बलरामपुर के साथ ही अंबिकापुर जिला मुख्यालय में भी कमोबेश इसी तरह की स्थिति नजर आ रही है। बारिश के कारण पॉश कॉलोनियों में जल भराव की स्थिति बन गई है। अंबिकापुर की पॉश कॉलोनी कुंडला वसुंधरा में भी लगातार बारिश से पानी भर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग की मानें तो बारिश के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का जोर अधिक रह सकता है।
रायपुर में होगी बारिश, बादल भी गरजेंगे
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज रायपुर शहर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश लगभग सामान्य रही है। सामान्य से 2% की कमी दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। एक-दो जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
