जंगल में एक ही पेड़ पर लटकी मिली दो दोस्तों की लाश, सनसनी

कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी दो युवकों की लाश देखी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ग्रामीण जब जंगल की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर पेड़ पर लटके शवों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल बालको थाना पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान 27 वर्षीय प्रमोद कंवर और 26 वर्षीय अमित माथुर के रूप में हुई है, जो बेलाकछार गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार दोपहर घर से साथ में घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने बताया कि अमित के मोबाइल पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। पहले लगा कि वह दोस्तों के साथ कहीं आसपास होगा, लेकिन जब देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसके बावजूद उनका कोई पता नहीं चला।
