छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

वेदांता प्लांट हादसे पर सख्त हुए सीएम साय, मुआवजा और जांच के दिए आदेश

रायपुर। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद हालात चिंताजनक बने हुए हैं। हादसे में अब तक 17 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 35 से अधिक घायल श्रमिकों का अस्पतालों में इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने मृत मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसकी सख्त हिदायत दी गई है।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button