रायपुर

भाठागांव में अवैध प्लाटिंग पर निगम का बुलडोजर, बड़ी कार्रवाई

Corporation's bulldozer on illegal plotting in Bhatagaon, major action

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने शहर में अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की दो अलग-अलग जोन की टीमों ने भाठागांव और विंध्यनगर इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया है।

निगम जोन-6 की टीम ने वार्ड क्रमांक-61 के भाठागांव स्थित पहलवान वाटिका इलाके में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की है। निगम को बिना अनुमति प्लाटिंग और मुरूम रोड बनाए जाने की सूचना मिली थी।

आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से अवैध मुरूम रोड को काटकर रास्ता बंद किया गया, ताकि प्लाटिंग का काम आगे न बढ़ सके। इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव, उप अभियंता सागर ठाकुर समेत निगम अमला मौजूद रहा।

विंध्यनगर में 4 ब्लॉक तोड़े

वहीं निगम जोन-1 की टीम ने यतियतनलाल वार्ड क्रमांक-4 के विंध्यनगर इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां चार ब्लॉकों में किए गए निर्माण को तोड़ा गया।

जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के अनुसार, उषा मिश्रा, देवचंद मिश्रा और रानी मिश्रा ने बिना अनुमति निर्माण कराया था। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद नगर निवेश विभाग की टीम ने अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया है।

बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई

इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख और नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि, शहर में अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति निर्माण के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button