छत्तीसगढ़ में फिर लौटा कोरोना, रायपुर-राजनांदगांव में मिले संक्रमित; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वाइन फ्लू के बीच कोरोना की दस्तक से बढ़ी चिंता, दोनों मरीजों का इलाज जारी; संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और सैंपल जांच शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रायपुर और राजनांदगांव में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान हुई है। रायपुर के मरीज का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है, जबकि राजनांदगांव के संक्रमित मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और उनके परिजनों के सैंपल की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रदेश में पहले से ही स्वाइन फ्लू के 37 एक्टिव केस हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर में मिले कोरोना संक्रमित मरीज का होम आइसोलेशन में इलाज जारी है, जबकि राजनांदगांव में चिन्हित मरीज का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों मामलों में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक निगरानी रखी जा रही है।
संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग की जा रही है। मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है। साथ ही लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को विशेष रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, बीमारी के लक्षण होने पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 37 मरीज सक्रिय
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के 1 जनवरी 2026 से 1 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 158 H1N1 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 37 मरीज फिलहाल एक्टिव केस हैं। जिलेवार आंकड़ों में रायपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 66 H1N1 मामले सामने आए हैं, जिनमें 8 मरीज अभी एक्टिव हैं। वहीं दुर्ग में 17 मामले दर्ज हुए हैं और यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 9 एक्टिव केस हैं। इतिहास
जानिए स्वाइन फ्लू के किन जिलों में कितने मामले?
रायपुर के बाद बिलासपुर में 20, दुर्ग में 17, रायगढ़ में 10, धमतरी और कोरबा में 9-9, राजनांदगांव में 4, जबकि बस्तर और बेमेतरा में 3-3 H1N1 मामले सामने आए हैं। जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 मामले दर्ज किए गए हैं।इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, महासमुंद, MCB, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सक्ती में 1-1 मामला सामने आया है।
इन जिलों में नहीं मिला कोई मामला
आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में इस अवधि में H1N1 का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
37 मरीज अभी एक्टिव
प्रदेश में कुल 158 मामलों में से 37 मरीज अभी एक्टिव हैं। एक्टिव केस के मामले में दुर्ग 9 मरीजों के साथ पहले स्थान पर है। रायपुर में 8, कोरबा में 4, रायगढ़ में 3, बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 तथा बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 एक्टिव मरीज हैं।
