बेटी-दामाद ने की पिता की हत्या, गोबर से मिटाए सबूत
Daughter and son-in-law kill father; destroy evidence using cow dung.

बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाझाल बालापानी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटी और उसके पति ने मिलकर अपने ही पिता की कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने जमीन पर गिरे खून के निशानों को गोबर से लीपकर साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की। बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
शव आरोपित दामाद के घर के परछी में पड़ा मिला
14 जुलाई को ग्राम बासाझाल निवासी माइकल टोप्पो ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्हें सूचना मिली थी कि लोहर साय कोरवा की उसकी पुत्री और दामाद ने हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर जब स्वजन मौके पर पहुंचे तो लोहर साय का शव आरोपित दामाद के घर के परछी में पड़ा मिला।
जांच में सामने आया कि घटना के दिन लोहर साय अपनी मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए रुपये मांगते हुए बेटी-दामाद के घर पहुंचा था। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आवेश में आकर दोनों ने लोहर साय के गले में बंधे गमछे (साफी) से फंदा बनाकर उसका गला घोंट दिया और जमीन पर पटक-पटक कर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
खून के धब्बों को गोबर से लीपकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास
वारदात के बाद जमीन पर गिरे खून के धब्बों को गोबर से लीपकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। डाक्टरों ने मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाया। बतौली पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए दोनों आरोपितों से पूछताछ की।
रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या करना स्वीकार किया
पूछताछ में आरोपितों ने रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपित बंधन कोरवा, पिता स्वर्गीय नधिया कोरवा 40 वर्ष, और सोन कुंवारी, पति बंधन कोरवा, 35 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बासाझाल बालापानी थाना बतौली हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया।
