राजनांदगांव

पहले टक्कर, फिर चाकू दिखाकर लूटपाट

First a collision, then a robbery at knifepoint.

राजनांदगांव।  राजनांदगांव जिले के अंतर्गत आने वाले बसंतपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का झूठा बहाना बनाकर और विवाद खड़ा कर राहगीरों के साथ लूटपाट करने वाले शातिर गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबोच लिया है। पकड़े गए अपराधियों में दो बालिग आरोपी और दो विधि के विरुद्ध संघर्षरत (नाबालिग) बालक शामिल हैं। पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात को अंजाम दिए जाने के महज तीन घंटे के भीतर ही चारों को तकनीकी सर्विलांस और घेराबंदी की मदद से हिरासत में ले लिया। आरोपियों ने एक बाइक को जानबूझकर टक्कर मारने के बाद क्षतिपूर्ति वसूलने के नाम पर युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी और चाकू दिखाकर लूट की थी।

मोहरा आक्सीजोन से लौटते समय हुई घटना

सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रार्थी पमेश ठाकुर अपने कुछ दोस्तों के साथ मोहारा आक्सीजोन पार्क से घूमकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहारा नदी के पास स्थित पानी टंकी के समीप सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार साइड मार दी। जैसे ही पमेश और उसके साथी संभले, तभी मुख्य आरोपी राहुल राजपूत उर्फ गुर्जर और शरद यादव उर्फ दादू यादव अपने नाबालिग साथियों के साथ वहां आ धमके। उन्होंने एक्सीडेंट का पूरा दोष प्रार्थी पर मढ़ते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पैंट की जेब से धारदार चाकू निकालकर प्रार्थी की गर्दन पर टिका दिया और जान से मारने की धमकी देकर जबरन दो महंगे मोबाइल फोन छीन लिए। इतना ही नहीं, उन्होंने डरा-धमकाकर ऑनलाइन फोन-पे के माध्यम से तीन हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

नाकेबंदी की त्वरित कार्रवाई से तीन घंटे में हुई गिरफ्तारी

घटना की लिखित शिकायत बसंतपुर थाने में दर्ज होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और तत्काल नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों राहुल राजपूत और शरद यादव को उनके नाबालिग साथियों के साथ धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर चारों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों चमचमाते मोबाइल फोन, 2,500 रुपये की नगद राशि, वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है। मुख्य आरोपी राहुल राजपूत उर्फ गुर्जर के खिलाफ पहले भी कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते पुलिस ने उसे आदतन अपराधी की श्रेणी में शामिल किया है।

Back to top button