हाथी का हमला: दातून तोड़ने गए बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मानव-हाथी संघर्ष की एक और दुखद घटना सामने आई है। नारायणपुर क्षेत्र में सुबह जंगल दातून तोड़ने गए 83 वर्षीय बुजुर्ग की जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग रोज की तरह सुबह जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पहले से ही हाथियों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग द्वारा चेतावनी जारी की गई थी। बावजूद इसके बुजुर्ग जंगल चले गए और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
