छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

फर्जी मैरिज ब्यूरो चला कर ठगी, फर्जी फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेज कर रजिस्ट्रेशन, पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम धोखेबाजी

राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फर्जी मैरिज ब्यूरो चला कर ठगी करने वाले संचालक और मैरिज ब्यूरो के डायरेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा मैरिज ब्यूरो का संचालन कर युवतियों की फर्जी फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेज कर रजिस्ट्रेशन, पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम पर ठगी की जाती थी।

राजनांदगांव शहर के सृष्टि कॉलोनी में लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो का संचालन कर युवकों से ठगी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले की शिकायत पर पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए मौके से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल जप्त किया है। पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच में 2286 युवतियों की फोटो डाउनलोड पाया गया। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि फर्जी मैरिज ब्यूरो के माध्यम से आरोपियों द्वारा युवतियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को भेजा जाता था।

इस मामले में पुलिस ने शहर के लेबर कॉलोनी निवासी नेहा पाठक और कबीरधाम जिले के ग्राम जंगलपुर निवासी धर्मेन्द्र मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों द्वारा रजिस्ट्रेशन, पैकेज एवं मीटिंग के नाम पर युवकों से 30 से 40 हजार रुपये तक की राशि ली जाती थी। बाद में किसी कारण का बहाना बनाकर संपर्क बंद कर दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 नग एंड्रॉइड मोबाइल, 14 नग की-पैड मोबाइल तथा 09 नग रजिस्टर, कॉपी जप्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते का विगत 01 वर्ष का स्टेटमेंट प्राप्त करने पर युवक-युवतियों से कुल 37 लाख 69 हजार का लेन-देन पाया गया।

Back to top button