ज्ञानेश्वरी की रजत जीत पर पीएम मोदी से सीएम साय तक ने दी बधाई
From PM Modi to CM Sai, everyone congratulated Gyaneshwari on her silver medal win.

रायुपर। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (ग्लासगो) में महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हर तरफ से बधाइयां और सम्मान मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञानेश्वरी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विशेष रूप से बधाई दी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ ज्ञानेश्वरी यादव की इस शानदार कामयाबी से न केवल भारतीय खेल जगत बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
पीएम, सीएम और डीजीपी ने दी शुभकामनाएं
ज्ञानेश्वरी यादव की इस बड़ी सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष माननीय श्री विष्णु देव साय, दुर्ग सांसद व एसोसिएशन के उपाध्यक्ष माननीय श्री विजय बघेल, तथा एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित संघ के सभी पदाधिकारियों ने ज्ञानेश्वरी को हार्दिक बधाई संदेश भेजा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने उन्हें वीडियो कॉल के जरिए व्यक्तिगत रूप से बात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विश्व मंच पर छत्तीसगढ़ की बेटी ने देश का गौरव बढ़ाया
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश दोनों का मान बढ़ाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
डेंटल कॉलेज प्रबंधन देगा 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
ज्ञानेश्वरी यादव की इस बड़ी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, सुंदरा (राजनांदगांव) की ओर से उन्हें 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है। संस्थान के अध्यक्ष नेमीचंद पारख, उपाध्यक्ष प्रभात कांकरिया और सचिव एस. के. गांधी ने संयुक्त रूप से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ज्ञानेश्वरी की मेहनत और लगन ने पूरे प्रदेश और जिले का मान बढ़ाया है।
पिता 20 सालों से संस्थान में कार्यरत
गौरतलब है कि ज्ञानेश्वरी के पिता दीपक यादव पिछले 20 वर्षों से छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में हेड इलेक्ट्रीशियन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि संस्थान ज्ञानेश्वरी की प्रतिभा को निखारने के लिए समय-समय पर उनकी उच्च स्तरीय ट्रेनिंग और अन्य आवश्यकताओं में आर्थिक व नैतिक सहयोग प्रदान करता रहा है। संस्थान ने यह भी आश्वस्त किया कि वे आगे भी ज्ञानेश्वरी की खेल यात्रा में हरसंभव मदद जारी रखेंगे। इस उपलब्धि के बाद से कॉलेज परिसर और पूरे जिले में उत्सव का माहौल है।
